रविवार, 29 जनवरी 2012

बकरे की माँ कब तक खैर मनाएगीi

बकरे  की  माँ  कब  तक खैर मनाएगीi
      एल. आर गाँधी 

भारत  में प्रत्येक 'बकरे' को पांच साल बाद 'अपना कसाई ' बदलने का अधिकार है. 
पांच राज्यों के बकरे अपने 'कसाईयों ' की कारगुजारी को तौल रहे हैं ... कौन झटक देगा या हलाल करेगा ?
सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के ' बकरों' को बहिन जी से गिला है की पिछले पांच साल से उन्होंने उनकी तो सुध ही नहीं ली. महज़ हाथी को पालने में मस्त रही . चुनाव आयोग को भी हाथी से खतरा लगा और सभी हाथियों को 'बुर्के' पहना दिए... और साथ ही 'बहिनजी ' को भी. बहिन जी को भी चुनाव आयोग से गिला है ... साईकिल  को भी 'चड्डी' पहनाओ सरेआम नंगा  घूम रहा है मुलायम की  लाल टोपी  पहने ... हाथ पर भी परस्तर चढ़ाओ ...मम्मी का चांटा दिखा कर बदअमनी फैला रहा है. ... और मूआ  कमल  ..खुद कीचड में , और हमें नसीहत पाक-साफ़ रहने की.! 'बकरे' किंकर्तव्य विमूड हैं कोई उन्हें साढे चार प्रतिशत का आश्वासन दे रहा है तो कोई नौं और अट्ठारह का. दिल्ली के आका ने तो फ़तवा जारी कर आगाह कर दिया ... की ये सभी उन्हें झटकई हैं ... सिर्फ मुलायम ही हलाल है. उधर झटके के कारोबारी अपने बकरों को हलाल होने से बचाने में व्यस्त हैं. अब फैसला बकरों के हाथ में है ... अगले पांच साल उन्होंने 'हलाल'  होना है या झटका' ... बकरे की माँ कब तक खैर मनाएगी.... मेरा  मुंसिफ ही मेरा  कातिल है - क्या मेरे हक़ में फैसला देगा. 
उत्तराखंड के 'बकरे' अजीब पशोपेश में हैं. ... एक तो कहता है .. खाडूरी है जरूरी .. तो दूसरा आगाह कर रहा है ' खाडूरी है मजबूरी... किसी को चुन लो जरूरी है मजबूरी !
पंजाब के बकरे बादल से नाराज़ हैं ... हमेशां भैसों को घास डालते हैं बकरों को पूछते ही नहीं... दोनों कसाई एक दूसरे को मुर्गा बनाने  में व्यस्त हैं. महाराजा कभी बादल को खुंडे से सीधा करने या उल्टा लटकाने की धौंस देते हैं और कभी अपनों से ही दुखी ...कत्लोगारत का फरमान सुनाते हैं.  बादल गरजते है की जब राजा जेल में है तो महाराजा कैसे बाहर फिर रहा है. इलेक्शन से पहले दोनों एक दूसरे को चोर डाकू और न जाने क्या क्या कहते और सलाखों के पीछे  भेजने की कसमें खाते हैं और बाद में ... टिड भरो अपने ,ते इन्हां दी है लोड काहदी ..भुखेया नू लम्मिया कहानिया सुनाई जाओ , खाई जाओ खाई जाओ , भेद किन्हें खोल्ह्ना ऐ ..विच्चो विच्च खाई जाओ उत्तों रौला पाई जाओ . दोनों ने 'बकरों' को इतनी घास ,दाना,और न जाने क्या क्या डालने का वादा किया है कि बेचारे  वायदों पर ही मर मिटे  है. 
बड़े बड़े वायदों से 'बकरों' को लुभाने वाले ये कसाई पिछले छह दशक में मुल्क का भविष्य भी झटक गए .. ४२% बच्चे कुपोषण का शिकार हैं. ७०% दूध मिलावटी है. ..पर्यावरण को इस कदर बिगाड़ा है कि न पीने का साफ़  पानी और न ही सांस लेने को शुद्ध वायु बची है. येले  व् कोलंबिया  विश्व विद्यालय की जांच से यह तथ्य सामने आए हैं कि शुद्ध जल-वायु में भारत विश्व के १३२ देशों में १२५ वें पायदान पर है. ज़हरीली वायु के मामले में हम पाकिस्तान और बंगलादेश से भी नीचे ३.७३ अंक पर हैं जबकि हमारे से अधिक जनसँख्या वाला चीन १९.७ अंक पर और पाक व् बंगलादेश क्रमश १८.७६ व् १३.६६ अंक पर हैं. हमारे देश के धनकुबेर चोर-उच्च्क्कों के काले धन की बदौलत शुद्ध जल-वायु व् पर्यावरण में स्विट्जरलैंड विश्व में नबर वन है. फिर भी देश पर पिछले पांच दशक से सत्तारुद पार्टी की राजमाता स्विस बैंकों के काले धन पर आपराधिक मौन धारण किये है. ... और बोलने वाले सन्यासी को दिग्गी मियां 'ठग ' बताते हैं. 
बड़े चाव से 'बकरे' अपने हक़ का इस्तेमाल करेंगे और अगले पांच साल के लिए अपने लिए 'कसाई' चुन लेंगे ..फिर चाहे वह झटके या हलाल करे !!!!!! 

शुक्रवार, 20 जनवरी 2012

सेकुलर शैतान और शरिया

सेकुलर शैतान और शरिया 
    एल. आर. गाँधी 

कश्मीर की शरिया अदालत के सरकारी आला मुफ्ती ने एक पादरी और उसके तीन मिशनरी साथियों पर कश्मीर प्रवेश पर रोक नासिर कर दी है. मुफ्ती बश्रुद्दीन ने आल सेंट्स चर्च के पादरी  सी.एम्.खन्ना ,घयूर मसीह , विदेशी मिशनरी जिम बोर्स्ट व् महिला मिशनरी चंद्रकांता को कश्मीरी  मुस्लिम विशेषतय युवा लड़के-लड़कियों को क्रिश्चन धर्म अपनाने के लिए उकसाने का दोषी पाया, और कुरआन की शरिया के तहत उन पर 'बैन' का हुक्म जारी कर दिया. इस्लाम में कोई मुसलमान यदि अपना मज़हब छोड़ कर कोई दूसरा धर्म अपना ले तो उसके लिए  'सख्त' सजा का प्रावधान है.  
राज्य की कांग्रेस समर्थित 'सेकुलर' सरकार शरिया अदालत के इस अहम् फैसले पर मौन है. देश का सेकुलर मिडिया और मनावाधिक्कार  के अलमबरदार भी मौन हैं. जैसा की नाम से ज़ाहिर है पादरी और महिला मिशनरी क्रिश्चन होने से पूर्व हिन्दू थे. यदि इनके हिन्दू से क्रिश्चन होने पर कोई हिन्दू संगठन विरोध करता तो हमारे बुद्धिजीवी सेकुलर मिडिया के 'शैतान' मानवाधिकार के कुष्ट्मानसिक महानुभाव 'भगवा- आतंक ' का राग अलापते  कतई देर न लगाते.
१९ जनवरी को कश्मीरी हिन्दू निर्वासन दिवस के रूप में मनाया जाता है. २२ वर्ष पूर्व इस्लामिक आतंकियों ने कश्मीरी हिन्दुओं को कश्मीर छोड़ने पर मजबूर कर दिया था. हिन्दुओं की जान माल और उनकी बहु बेटियों की अस्मत की रक्षा मुस्लिम आतंकियों से कर पाने में कश्मीर की 'सेकुलर' सरकार ' असफल रही. पिछले २२ वर्ष से कश्मीरी  हिन्दू अपने ही देश में ही विस्थापितों सा जीवन जी रहे हैं. जिस प्रकार मुस्लिम बहुल पाकिस्तान से लगभग सभी अल्पसंख्यकों को भगा कर 'शरियत ' और ईश निंदा' जैसे अमानवीय कानून लागु कर दिए गए हैं , वैसे ही कश्मीर से सभी गैर मुस्लिमों को भगा कर ' शरियत' लागु करदी गई है .  ' सेकुलर' सरकार ही बाकायदा 'शरिया अदालतों का गठन कर रही है. और इन अदालतों के मुफ्ती अपने इस्लामिक -शरियत के फैंसले सुना रहे हैं. वोट बैंक के तलबगार सेकुलर शैतान चुप चाप राष्ट्र के एक और विघटन की इबारत लिखने में व्यस्त हैं.   

शनिवार, 7 जनवरी 2012

राजमाता की महंगी 'नाक'


 राजमाता की महंगी 'नाक' 
   एल .आर .गाँधी 


न रोटी की चिंता और न ही रोज़गार की - चिंता है सिर्फ  और सिर्फ 'राज' की. कांग्रेस की महारानी को मध्यावधि चुनाव की चिंता सता रही है... और बढती महंगाई और भ्रष्टाचार से निरंतर गिरती कांग्रेस की साख ने महारानी की शुभ्चितक टोली अर्थात राष्टीय सलाहकार परिषद् (नाक) के माथे पर चिंतन रेखाओं का मकडजाल बुन दिया है. निरंतर चितन और मनन के बाद सोनिया जी की 'नाक'
ने आखिर इंदिराजी के गरीबी हटाओ नारे की तर्ज़ पर 'फ़ूड सिक्योरिटी' बिल का ताना बाना बुना ... और जोर शोर से सरकारी विज्ञापन की सुपारी मुंह में दबाये मिडिया के धुरंधरों ने सारे का सारा 'क्रेडिट' सोनिया जी को देने की मुहीम चलाई . पहले 'नरेगा' योजना सोनिया जी के 'दूरदर्शी' दिमाग की उपज के रूप में प्रचारित की गई. साथ ही यह भी लोगों  को समझाया गया की इस योजना से कैसे देश की बेरोज़गारी तिरोहित हो गई है और नगरो और गाँव से लेकर झुग्गी झोम्पड़ी तक सभी बेरोजगारों को रोज़गार मिल गया. 
आज 'नरेगा ' में व्याप्त भ्रष्टाचार ने इस महत्वाकांक्षी योजना की हवा ही निकल दी .प्रचारित किया गया था की यह योजना 'सोनिया जी' के दिमाग की इकलौती और पहली लोकहितकारी योजना है. मगर सच्चाई बिलकुल इसके विपरीत है. रोजगार योजना असल में सत्तर के दशक की एक बहुत पुरानी और पिटी हुई योजना है. महाराष्ट्र सरकार ने १९७३ में 'काम के बदले अनाज '  योजना चलाई थी जिसे सारे देश में गरीबी उन्मूलन योजना के रूप में आजमाया गया और नेहरु की अन्य पञ्च वर्षी योजनाओं की भांति इस योजना का भी 'वही' अंजाम हुआ ... मुफलिस आवाम तक योजना का महज़ १०-१५ % मात्र ही पहुँच पाया. ऐसी योजनाओं का आगाज़ और अंजाम सभी को पता है ... नहीं पता तो सिर्फ कांग्रेस की मल्लिका-ऐ-इटालिया को.
पिछले कुछ सालों में इन लोक लुभावनी योजनाओं पर ४०,०००  करोड़ रूपए लुटा कर अब 'फ़ूड सिक्योरिटी ' योजना से सरकारी खजाना लूटने लुटाने की योजना पर काम  चालू है.  देश के भूख से बेहाल  गरीबों को सस्ती दरों पर अनाज मुहया करवाने के लिए सालों से पी.डी.एस योजना चलाई जा रही है ... और इस योजना के तहत गरीबों के मुंह तक पहुँचाने वाला निवाला रास्ते  में ही 'भ्रष्ट बन्दर' लपक जाते हैं .... क्या हमारे 'नेता' लोग इस सच्चाई से अनजान हैं. फिर भी इसी भ्रष्ट तंत्र को  सोनिया जी की नई 'फ़ूड सिक्योरिटी' योजना को लूटने का जिम्मा  सौंपने जा रहे हैं.
नेशनल सैम्पल  सर्वे और सरकार के आंकड़ों से पी.डी.एस. में व्याप्त  भ्रष्टाचार सबसे पुराना और सबसे बड़ा घोटाला उभर कर सामने आया है ,  देश का महा घोटाला २ जी घोटाला भी पी.डी.एस. के आगे बौना लगता है और फिर भी...... २००४-०५ और २००९-०९ के दो साल के आंकड़ों से महा लूट के सनसनीखेज़ तथ्य सामने आए हैं. २००४-०५ में सरकार ने देश के गरीब को सस्ते दामों खाद्यान मुहया करवाने के लिए , डिपुओं को ४१.५ मिलियन टन राशन दिया . मगर गरीब की रसोई तक पहुंचाते पहुंचाते रह गया महज़ १३.२ मिलियन टन . इस प्रकार दो तिहाई अर्थात २८ मिलियन राशन काले बाज़ार में पहुँच गया और उसी गरीब को जो २० रूपए रोज़ में जीने को मजबूर है यह राशन बाज़ार मूल्य पर खरीदना पड़ा. २००९-१० में आधे से अधिक राशन रास्ते में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया. २जी की लूट तो सदी की एक लूट है मगर पी.डी.एस. की लूट तो हर साल बदस्तूर चली आ रही है. अब देश की ८५ करोड़  जनता जो २० रूपए प्रति दिन में पशु तुल्य  जीने को मजबूर है., के लिए पहली नज़र में सोनिया जी की 'नाक' की 'फ़ूड सिक्योरिटी ' बिल योजना चाँद में रोटी के ख्याल से कम नहीं ....मगर सरकारी डिसट्रीब्युशन  सिस्टम से पहुँचते  पहुँचते ' अमावस  का चाँद ' हो जाएगी.   इसमें कोई शक नहीं की फ़ूड सिक्योरिटी बिल से सोनिया जी और इनकी 'नाक'  का कद मिडिया की कृपा से खूब बढेगा मगर ... उससे कई गुना ज्यादा बढेगा 'सार्वजनिक वितरण प्रणाली' का भ्रष्टाचार. ..... विदेशी बैंकों में देश का काला धन और बढ़ जाएगा और उसके साथ ही भूखे पेट सोने वालों का प्रतिशत !!!!!

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2011

मदरसों में उच्च शिक्षा


मदरसों में उच्च शिक्षा 
   एल.आर गाँधी.


पाकिस्तान के इस्लामिक  रहनुमा अपने यहाँ जेहाद  की पनप चुकी फैक्ट्रियों  को अब  बंद करने की कशमकश में हैं मगर हमारे   सेकुलर शैतान अपना  वोट बैंक पक्का करने की जुगत में जेहादी कारखानों को फलने फूलने के लिए माली मदद मुहय्या करवा रहा है. .
गत दिनों कराची  के सोहराब इलाके में जामिया मस्जिद जकारिया मदरसे के तहखाने से ५० बच्चों को मुक्त करवाया गया ,जिन्हें  जंजीरों  में बाँध  कर  रक्खा  गया था . इन बच्चों को इस्लामिक जेहाद के लिए तैयार किया जा रहा था पुलिस ने अपनी जांच  में पाया की इन बच्चों का यौन शोषण भी किया जा रहा था.पाक सरकार ने ऐसे मदरसों को विदेशी सहायता पर भी प्रतिबन्ध लगा   दिया .
अब हमारे सेकुलर शैतानो  की इस्लामिक जेहाद के आतंक से लड़ने की मानसिक कुष्ट्वृति देखिये.देश की सबसे संवेदनशील रियासत जम्मू  कश्मीर  जहाँ हमारी राष्ट्रिय सेना इस्लामिक आतंक से जूझ  रही है और लगभग एक लाख भारतीय इस आतक की बलि चढ़  चुके हैं.  इस्लामिक आतंक से पीड़ित  साढ़े चार लाख कश्मीरी हिन्दू अपने ही देश में अपना घर बार छोड़ कर दर दर भटक  रहे  हैं. जेहाद के कारखाने 'मदरसों' के लिए केंद्र  ने कश्मीर सरकार को ५.३ करोड़ रूपए की सहायता भेजी , ताकि ३७२ मदरसों में बढ़िया शिक्षा मुहय्या करवाई  जा सके . कश्मीर के २५ इस्लामिक संगठनों ने इस सहायता को केंद्र सरकार का इन मदरसों को बदनाम  करने की साजिश बताया  और दोष लगया की मदरसों को यह  सहायता पहुंची   ही नहीं . जिन मदरसों में जेहाद की तालीम दी  जाती  है और गैर इस्लामिक स्टेट के विरूद्ध  जेहाद के लिए मासूम बच्चों को आतंक का पाठ  पढाया  जाता  है., जैसा की कश्मीर में पनप रहे राष्ट्र विरोधी माहौल से साफ़ दिखाई भी दे रहा है. . फिर भी वोट बैंक को मज़बूत करने की जुगत में हमारे ये सेकुलर शैतान 'जेहाद की फैक्ट्रियों  ' को माली सहायता दे कर राष्ट्र विरोधी ताकतों को पाल रहे हैं. माली सहायता ले कर भी ये इस्लामिक संगठन सरकार के किसी भी आधुनिक  शिक्षा मुहया करवाने के निर्देश को - मज़हब  में दखलंदाज़ी  करार   देते   हैं. सरकारी सहायता की दरकार में आम निजी स्कूलों ने भी मदरसों के बोर्ड लटका दिए हैं. और अपने यहाँ पढ़ने  के लिए मौल्विओं की सेवायें ले ली हैं. 
मुल्लाओं की कुरआन में आधुनिक शिक्षा 'अवांछित' है. फिर भी इन सेकुलर शैतानों को कौन समझाए जो इतिहास से भी सबक लेना नहीं  चाहते. विश्व की सबसे प्राचीन और प्रथम  विश्व  विद्यालय ' नालंदा' को इस्लामी जेहादी 'खिलज़ी' ने महज़ इस लिए 'मिस्मार' कर दिया था की उसके पुस्तकालय में ' कुरआन' क्यों नहीं. नालंदा के विद्वान अध्यापको और छात्रों को तलवार से इस लिए काट दिया गया की वे 'इस्लाम को न मानने वाले काफ़िर थे . पिछले आठ सौ सालों में क्या इस्लाम को मानने वालों ने विश्व को एक भी 'विश्व विद्यालय' दिया.
जिस  सच्चाई को एक इस्लामिक स्टेट पाक समझ रहा है उससे  हमारी सेकुलर सरकार नादान बनी बैठी है.  

शनिवार, 10 दिसंबर 2011

शशि-धरा का लुका-छिपी महोत्सव

 शशि-धरा का लुका-छिपी महोत्सव 
एल. आर. गाँधी
शशि- धरा की लुक्का छिपी का महोत्सव है आज . महोत्सव का श्रीगणेश सांय 3.45 पर होगा और सांय ७. १५ तक चलेगा . विश्व के प्राचीनतम प्रेमी इस महोत्सव के मुख्य पात्र हैं. अबकी शशि छिपेंगे और धरा सदैव की भांति ढूँढेंगी .... रवि ने मंच सञ्चालन का जिम्मा सम्हाल लिया है. पिछले कई दिनों से 'विधु' छिपने की रिहर्सल में मशगूल हैं .. जब देखो धुंध में लुका-छिपी के खेल में व्यस्त हैं और धरा भी धुंध में धुंधलाई आँखों से निशा में दूर तक अपने सखा'इंदु' को देखती है ...मानो जांच रही हो ..अबकी कहाँ छिपेगा ? फिर भूल गई की उसका यह सदियों पुराना अनुज -सखा तो सदैव उसके आँचल में ही आ छिपता . लो ' निशापति' छिप गए और धरा दबे पाँव अपने नन्हे चिर-सखा को ढूँढने निकल पड़ी. अपनी प्रियसी और उसके सखा के बीच के इस लुकाछिपी के खेल को 'रवि' चुपचाप निहार रहे हैं.
सदियों से शशि , धरा-दिनकर के सृष्टि सम्भोग के प्रत्यक्ष -द्रष्टा रहे हैं. निशापति के जाते ही दिनकर अपनी प्रियतमा को अपने आगोश में ले कर 'चिर सौभाग्यवती' भव का आशीर्वाद देते हुए ,अपनी प्रचंड किरणों से काम-क्रीडा में मस्त हो जाते हैं. रात होते ही निशापति थकी- हारी धरा को अपनी शीतल किरणों की चादर ओढा कर , अपने सखा धर्म का निर्वाह कर, मात्र ठंडी आहें भरने के सिवा और कर भी क्या सकते हैं. अपने मित्रवत प्रेम के इज़हार का इस साल 'इंदु' के पास आज यह प्रथम अवसर है. आज तो बस बता ही देंगे धरा को की वह किस कदर उसे बे-इन्तेहा प्यार करते हैं. लो शशि पूर्णतय छिप गए और धरा ढूंढ रही है ...शशि ने धरा को 'हीरे की अंगूठी ' दिखाई ..…… महज़ ४. ४३ क्षण के लिए …धरा अचरज में पड़ गई और शशि झेंप गए और शर्म से मुंह लाल हो गया . धरा ने आनन फानन में 'फ्रेंडशिप बैंड' भेंट किया और शशि ने अपनी चिर-सखा की यह भेंट स्वीकार कर राहत की सांस ली. रवि अपनी प्रियतमा के पतिव्रता आचरण पर भाव विभोर हो गए . इसके साथ ही लुका छिपी का विश्व समारोह सम्पूर्ण हुआ .
विज्ञानिक अपनी खुर्दबीने लिए इस महोत्सव से पृथ्वीलोक पर होने वाले 'अच्छे-बुरे प्रभावों की समीक्षा में व्यस्त हैं और धर्म भीरु हिन्दू ग्रहण से होने वाले दुष्प्रभावो को सोच का त्रस्त हैं. हमारी धर्म परायण श्रीमती जी ने सभी खाद्य- वस्तुओं में 'खुशा' का तिनका टिका दिया है. इसे कहते हैं डूबते को तिनके का सहारा . मंदिर के पंडित जी ने श्रीमती जी को आगाह कर दिया था कि आज शाम को मंदिरों के किवाड़ बंद रहेंगे . इस लिए देवीजी आज के देव दर्शन ग्रहण से पूर्व ही कर आयीं. ज्योतिविद धर्मभीरु आस्तिकों को चन्द्र ग्रहण से होने वाले दुश परिणामों से जागरूक करते हुए 'दान-पुन्य' के अमोघ अस्त्रों से अवगत करवा कर 'चांदी' कूटने में व्यस्त हैं . हम तो भई सोमरस की चुस्कियों संग , सृष्टि के प्राचीनतम प्रेमियों के इस लुकाछिपी महोत्सव को निहारने में मस्त हैं. निशापति का यह शर्म से लाल हुआ मुखारविंद सिर्फ और सिर्फ आज के इस महोत्सव में ही देखने को मिलता है , जब 'निशापति ' अपनी ही इज़हार ए मुहब्ब्त से शर्मसार हुए शवेत से सुर्ख हो जाते हैं.
यथार्थ के पक्षधर खगोलविद या फिर ईष्ट अनीष्ट की शंकाओं में डूबे ज्योतिषशास्त्री इस महोत्सव के प्रेम प्रसंग को क्या समझें ?

शुक्रवार, 9 दिसंबर 2011

काबुल में करबला

काबुल में करबला
एल.आर.गाँधी

सिंह साहेब के शांति पुरुष की काबिना के अंदरूनी रक्षा मंत्री रहमान मालिक ने 'तालिबान' का शुक्रिया अदा किया .. क्योंकि उनकी अपील पर इस बार तालिबान ने 'मुहर्रम' के मौके पर कोई 'काण्ड' नहीं किया और शांति बनाए रक्खी . पाक की वीणा मलिक तो जिसम से ही बेनकाब हुई थी, मगर मलिक साहेब तो इखलाक से भी नंगे हो गए .. जिन आतंकियों को नेस्तोनामूद करने की अमेरीका से अरबों डालर की सुपारी लेते रहे ..उन्हीं का शुक्रिया ?
उधर अफगानिस्तान में इन्हीं तालिबान के 'भाइयों' ने मुहर्रम के पाक जलूस पर आतंकी हमला कर ५६ अफगान शिया मुस्लिमों को बम से उड़ा दिया १५० के करीब ज़ख़्मी हुए .. मरने वालों में ज्यादाता मासूम औरतें और बच्चे थे... पाक से आतंकी संगठन लश्करे झांगवी ने हमले की जिम्मेवारी कबूली. यह संगठन सुन्नी मुसलमानों से बावस्ता है , जो शिया मुसलमानों को 'काफ़िर' मानते हैं. कल तक पाक को अपना 'भाई' और अमेरिका -भारत से भी अधिक हरदिल -अज़ीज़ कहने वाले करज़ई साहेब भी बेनकाब हो गए . करज़ई साहेब ने इस हमले के पीछे पाक की ख़ुफ़िया एजेंसी आई .एस.आई. के हाथ का आरोप लगाया . शाम होते होते एक और धमाके ने १९ अफगानियों को मौत की नींद सुला दिया.
मुहर्रम शिया मुसलमान हर बरस हज़रत इमाम हुसेन की क़ुरबानी की याद में मनाते हैं. ६८० ऐ डी में हज़रत मुहम्मद के नाती इमाम हुसेन , ७२ ईमान वालों के साथ खलीफा याज़िद के विरुद्ध लड़ते हुए 'कर्बला' में शहीद हुए थे. इमाम हुसेन को मानने वाले 'शिया' सम्प्रदाय कहलाने लगे और इसके साथ ही एक ही 'अल्लाह' को मानने वाले दो सम्प्रदायों शिया-'सुन्नी में बँट गए. पिछली १३ शताब्दियों से शिया -सुन्नी एक दूसरे को 'काफ़िर' मान कर मुसलसल लड़ रहे हैं . पिछले एक दशक से अफगानिस्तान में बेशक कोई ऐसी वारदात नहीं हुई जिसमें मुहर्रम के पवित्र अवसर पर खून खराबा बरपा होई. तालिबान के वक्त में तो खैर अफगानिस्तान में २०% शिया अक्सरियत को मुहर्रम मानाने की ही मनाही थी. हाँ पाकिस्तान में शिया समुदाय की मस्जिदों पर सुन्नी जेहादी हमले करते ही रहते हैं ...अबकी बार रहमान मालिक की बात मान कर जेहादियों ने पाक को बख्श दिया और सारी कसर अफगानिस्तान में पूरी कर दी.. आखिर करज़ई के भाई होने का भी तो 'क़र्ज़' अदा जो करना था.... करज़ई साहेब शायद भूल गए ! शैतान भी कभी किसी के हुए हैं.

शनिवार, 26 नवंबर 2011

अहिंसा का प्रतीक 'चांटा'

अहिंसा का प्रतीक 'चांटा' 
   एल.आर.गाँधी 

अहिंसा के प्रतीक चांटे की गूँज ...आज चारों दिशाओं में फैली हुई है. जब से हरविंदर सिंह ने 'महंगाई के टेढ़े गाल' पर सपाट चांटा जड़ा है ...सारा देश प्रतिक्रियाऑ के दो खेमों में बाँट गया है. एक तो वो हैं जो अपने आप को गांधीजी के आदर्शों का ठेकेदार मानते हैं और उनके अहिंसा परमो-धर्म के परचम को थामे हुए ....चांटे को ' राष्ट्र के खिलाफ हिंसा ही नहीं बल्कि विश्व की सारी की सारी मानवता के खिलाफ हिंसा से अलंकृत कर रहे हैं. . ये वही लोग हैं जो आम जनता को 'रोटी' मांगने  पर न्याय व्यवस्था 'लाठी' से पीटते हैं. भ्रस्टाचार और काले धन के खिलाफ रामलीला मैदान में बैठे 'आम आदमी' को आधी रात को उठा कर पीट पीट कर दौड़ते हैं और दौड़ा  दौड़ा कर पीटते हैं. क्या वह 'हिंसा ' नहीं थी . सारी संसद आज शरद- चांटे से विचलित है और अन्ना को नया  गाँधी वाद ' बस एक ही चांटा' घड़ने पर कोस रही है. कुछ तो इसे देश में अराजकता फ़ैलाने का षड्यंत्र भी मान रहे हैं.
हम भी जन्म से गाँधी हैं ... बचपन से बापू के 'महान' उपदेशों को पढने  और समझने- समझाने की कोशिश में लगे है ? यदि आज बापू जिन्दा होते तो अपने इन  सफ़ेद पोश 'कांग्रेसियों' से पूछते जरूर ...क्या यही शिक्षा दी थी मैंने की चांटा पड़ा और भाग खड़े हुए ... शेर पुत्र से पूछना तो था ...भई ये लो दूसरा गाल , एक और मारो .. मगर यह बतला दो की क्यों मारा ? चांटा मारने वाला सिंह पुत्र जोर जोर से महंगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सिंघनाद कर रहा था और हमारे 'आटा  मंत्री' फिर भी कह रहे थे की मैंने ऐसा कुछ नहीं सुना !  ये कैसे गाँधीवादी हैं जो गाँधी जी के आदर्शों को इतनी जल्दी बिसरा बैठे. आज सारा देश भूख, बेकारी, बीमारी, बेईमानी ,भ्रष्टाचार,कालाबाजारी और कालेधन से बेज़ार है. और इन हालात के लिए जिम्मेवार नेता-अफसर त्रस्त जनता को 'हिंसा-अहिंसा ' का कायदा पढ़ा रहे हैं. 
बात गाँधी जी की  अहिंसा की चल रही है... तो एक किस्सा याद आया. साबरमती आश्रम में गांधीजी की गाए का बछड़ा 'भीरु' गंभीर बीमारी से त्रस्त.. तड़प रहा था , बापू से 'भीरु' ' का दर्द देखा न गया. फ़ौरन ढोर -डाक्टर को बुला भेजा . डाक्टर से बोले या तो इस का दर्द हर लो या फिर इसे मुक्ति दे दो. बापू ने अपनी आँखों के सामने 'भीरु' को मुक्ति का इजेक्शन दिलवाया . आज देश का ७०% दीन हीन मानुष भूख-बीमारी से त्रस्त है. उनकी यह हालत  अहिंसा के उस पुजारी के 'वारिसों' ने की है, जो उसके नाम पर लोगों को बरगला कर पिछले साढे छह दशकों से 'राज सिंघासन ' पर आरूढ़ हैं. 
चांटे की गूँज...  नेट पर लोगों के विचार देखे , अधिकाश का विचार है की 'चांटा' महंगाई और भ्रष्टाचार के गाल पर था न की किसी व्यक्ति विशेष के. अब भी वक्त है .. जनता के आक्रोश को समझने , आंकने और समय रहते निदान का.  वर्ना बहुत देर हो जाएगी ..... और अहिंसा की परिभाषा बदले देर नहीं लगेगी ..महज 'अ' शब्द का फेर है. अ से अराजकता भी होती है 
न क्षुधासम : शत्रु :... भूखा व्यक्ति कोई भी पाप कर सकता है. अत : सरकार का कर्तव्य है की देश में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे.... चाणक्य